Buxer News:- डुमरांव नगर के वार्ड संख्या–24 स्थित ब्रह्म बाबा की गली में बुधवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान में अवैध रूप से पटाखा निर्माण के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में 40 वर्षीय मुख्तार रंगरेजा गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना शाम करीब पौने चार बजे की बताई जा रही है। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और पूरे मोहल्ले में कुछ देर तक भय का माहौल बना रहा। धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए।
परिजनों ने गंभीर रूप से घायल मुख्तार रंगरेजा को तत्काल डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए पटना ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। विस्फोट के कारणों की गहराई से जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है। फिलहाल एहतियातन संबंधित मकान को सील कर दिया गया है।
पुलिस को घायल का बयान दर्ज करने में परेशानी हो रही है, क्योंकि उसे इलाज के लिए पटना ले जाया गया है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्तार रंगरेजा पिछले करीब 40 वर्षों से अपने घर में ही पटाखा निर्माण और बिक्री का काम कर रहा था।
घनी आबादी वाले इलाके में लंबे समय से अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का निर्माण होने से प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

