Seraikela News:- सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर रेलवे यार्ड में बुधवार सुबह एक बड़ी रेल दुर्घटना होते-होते टल गई। सुबह करीब 9:45 बजे एक तेज रफ्तार मालगाड़ी अनियंत्रित होकर यार्ड की दीवार तोड़ते हुए वहां खड़ी दूसरी मालगाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे एक-दूसरे पर चढ़ गए और यार्ड में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के समय यार्ड परिसर में कई रेलवे कर्मी काम कर रहे थे, लेकिन सतर्कता के चलते सभी ने समय रहते खुद को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा लिया। इससे एक बड़ी जनहानि टल गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस मालगाड़ी ने टक्कर मारी, वह बिना इंजन के ढलान पर तेजी से दौड़ती हुई आई थी। आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन के ब्रेक फेल होने या तकनीकी खराबी के कारण यह घटना हुई। हालांकि, सटीक कारणों का पता लगाने के लिए रेलवे की तकनीकी टीम जांच में जुटी है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, इंजीनियरिंग विभाग और सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है और यार्ड की पटरियों को जल्द बहाल करने की प्रक्रिया चल रही है।
रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच के बाद रेलवे ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे यार्ड की सुरक्षा समीक्षा के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए सभी जोनल इंजीनियरों को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
यह घटना एक बार फिर रेलवे की सुरक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े करती है, हालांकि कर्मियों की सूझबूझ से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

