East Champaran News:- बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। इसी क्रम में पूर्वी चंपारण जिले में मद्य निषेध इकाई की विशेष अभियान दल ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पीपराकोठी थाना पुलिस की सहायता से एक डीसीएम ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब को जब्त किया गया है। इस दौरान शराब तस्करी में संलिप्त एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, विशेष अभियान दल को गुप्त सूचना मिली थी कि एक डीसीएम ट्रक में अवैध रूप से शराब लाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर पीपराकोठी थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के पास खड़े ट्रक (नंबर PB 07BG / 8199) की तलाशी ली गई। जब पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उसमें अंडे के कैरेट के बीच छिपाकर रखे गए 3132 लीटर विदेशी शराब को बरामद किया गया।
शराब को बेहद चतुराई से छिपाकर रखा गया था, ताकि पहली नजर में किसी को संदेह न हो। पुलिस ने मौके से एक कारोबारी को भी गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि यह शराब पंजाब से लाकर मुजफ्फरपुर भेजी जा रही थी।
इस कार्रवाई को मद्य निषेध विभाग ने राज्य में शराब तस्करी पर कड़ा प्रहार बताया है। विभाग के अनुसार, शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

