East Champaran News:- नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही शराब की एक बड़ी खेप को रक्सौल में आबकारी विभाग ने जब्त कर बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार देर रात की गई इस कार्रवाई में विभाग ने बोलेरो वाहन (BR 24P 5647) से 675 लीटर नेपाली शराब जब्त की है। शराब को कुल 75 कार्टूनों में भरकर सिसवा बॉर्डर के रास्ते भारत लाया जा रहा था।
आबकारी इंस्पेक्टर अभिषेक आनंद ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि सिसवा सीमा से शराब की अवैध खेप भारत में प्रवेश करने वाली है। सूचना मिलते ही विशेष टीम गठित की गई और इलाके में सघन निगरानी शुरू की गई।
तभी एक बोलेरो वाहन संदिग्ध रूप से सीमा पार करते हुए देखा गया। पुलिस ने जब वाहन को रुकने का इशारा किया, तो चालक वाहन लेकर रामगढ़वा की ओर भागने लगा। पीछा किए जाने पर कुछ दूरी पर वाहन को रोक लिया गया, लेकिन तस्कर मौके से फरार हो गए।
जांच के दौरान वाहन में शराब की बड़ी खेप पाई गई, जिसे तस्करी के इरादे से नेपाल से भारत लाया जा रहा था। पूरे वाहन में सिर्फ शराब भरी हुई थी।
इंस्पेक्टर आनंद ने बताया कि जब्त की गई शराब और वाहन को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है। साथ ही फरार तस्करों और वाहन मालिक की पहचान के लिए छानबीन शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई सीमा क्षेत्र में सक्रिय शराब तस्करों के लिए कड़ा संदेश है और आगे भी इस तरह की कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी।

