Patna News:- बिहार के नालंदा जिले में शनिवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने तीन युवकों की जान ले ली। रहुई थाना क्षेत्र के भेण्डा गांव के पास तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने करीब 20 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में जा गिरी। कार में सवार चार लोगों में से तीन की मौके पर ही दम घुटने से मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग (एसएच-78) पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, क्रेटा कार तेज रफ्तार से आ रही थी और चालक का संतुलन बिगड़ते ही वाहन सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया। पानी से भरे गड्ढे में गिरने के कारण कार में फंसे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। देर रात बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन अंधेरे और पानी की गहराई के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आईं। रविवार सुबह क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया। तब जाकर तीन मृतकों के शव बरामद किए जा सके।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। गंभीर रूप से घायल शख्स को बिहार शरीफ के मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टर लगातार उसका इलाज कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन चालक के नियंत्रण खोने को इस दर्दनाक घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रहता है। उन्होंने प्रशासन से सड़क किनारे बने गड्ढों को पाटने और सुरक्षा इंतजाम कड़े करने की मांग की है।

