East Champaran News:- जिले के सुगौली थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें परीक्षा देने जा रही 13 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना लाल परसा चौक के समीप छपवा–रक्सौल मुख्य मार्ग पर हुई।
मृतका की पहचान सुगौली थाना क्षेत्र के सिकरहना घाट बेलवतिया वार्ड 7 निवासी स्वर्गीय मुकेश साह की पुत्री अंजू कुमारी के रूप में हुई है। वह बड़हरवा मध्य विद्यालय की कक्षा सात की छात्रा थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अंजू कुमारी स्कूल परीक्षा देने जा रही थी, तभी सुगौली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक ट्रक ने उसे पीछे से जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए और आक्रोशित होकर पुलिस को जानकारी दी। सुगौली थाना के एसआई अभिनव राज ने मौके का मुआयना किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर मोतिहारी भेजा गया है।
इस हृदयविदारक घटना से मृतका के घर में मातम छा गया है। परिजन बुरी तरह से प्रभावित हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और फरार ट्रक चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

