Nalanda News:- नालंदा जिले के पावापुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रायफल मोड़ के पास 18 जुलाई को काली मंदिर के समीप एक ही परिवार के चार लोगों द्वारा जहर खाकर सामूहिक आत्महत्या करने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। अब इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को नामजद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मरने वालों में पिता, मां और तीन बच्चे शामिल
इस दर्दनाक घटना में परिवार के मुखिया धर्मेंद्र कुमार, उनकी पत्नी सोनी देवी, 14 वर्षीय बेटी दीपा, 16 वर्षीय अरिका और 15 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार शामिल हैं। चारों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
डीएसपी बोले—सामाजिक और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर उठाया आत्मघाती कदम
राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि यह परिवार लंबे समय से आर्थिक तंगी, सामाजिक अपमान और सूदखोरों के दबाव में जी रहा था। काली मंदिर बाबा समेत अन्य आरोपियों द्वारा परिवार को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे तंग आकर पूरा परिवार मौत को गले लगाने को मजबूर हुआ।
चार नामजद आरोपियों में एक गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में जिन चार लोगों को नामजद किया है, उनमें काली मंदिर बाबा, अजय कुमार, धर्मेंद्र मोदी और शेखपुरा निवासी घनश्याम प्रसाद शामिल हैं। इनमें से घनश्याम प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस टीम लगातार सक्रिय
गिरफ्तारी अभियान में राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह, डीएसपी राम दुलार प्रसाद, सर्किल इंस्पेक्टर मनीष भारद्वाज, डीआईयू प्रभारी आलोक कुमार, गिरियक थानाध्यक्ष दीपक कुमार और दारोगा भावना कुमारी शामिल हैं। टीम अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना से आहत स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि “प्रायोजित हत्या” है, जिसे वर्षों से चले आ रहे सामाजिक उत्पीड़न और मानसिक शोषण ने जन्म दिया है।

