धनबाद ।
सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए शुक्रवार की सुबह धनबाद जेल से पोक्सो एक्ट के दो विचाराधीन कैदी फरार हो गए। फरार कैदी में अंकित रवानी और देवा भूईया का नाम शामिल है। दोनों अलग-अलग पोक्सो एक्ट के मामले में जेल में बंद था। दोनों बंदी जेल से किस रास्ते निकल कर भागे हैं, इसकी जांच चल रही है। जेल में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है। वहीं पुलिस दोनों फरार कैदियों की तलाश में जुट गई है।
जेल अधीक्षक अजय कुमार ने दोनों कैदियों के फरार होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की छानबीन चल रही है। जांच पड़ताल के बाद पूरी जानकारी दी जाएगी।उन्होंने बताया कि कैदियों के फरार होने की जानकारी शुक्रवार की सुबह उस समय हुई, जब हाजिरी लग रही थी।
उल्लेखनीय हो कि केंदुआडीह निवासी अंकित को पुलिस ने अक्टूबर 2019 में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जबकि लोयाबाद थाना क्षेत्र के निवासी देवा भुईया को अगस्त 2020 में गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल दोनों की खोजबीन की गई, लेकिन वे नहीं मिले।
