बगहा।
गंडक नदी में बुधवार को लगभग 10 बजे एक नाव के पलटने से 9 लोग डूब गए। इसमें 7 लोगों को गोताखोरों की मदद से बचा लिया गया है जबकि दो की तलाश जारी है। घटना बगहा नगर स्थित कैलाश नगर घाट के पास की है। पुलिस के अनुसार नाव पर सवार होकर लोग खेती के लिए गंडक नदी के उस पार दियारा जा रहे थे। इस दौरान गंडक नदी से एक ईंट के पाया से नाव टकरा गई साथ ही नाव पलट गई। नाव पलटते देख आसपास के ग्रामीण व गोताखोरों ने त्वरित मदद कर 7 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। दोनों लापता में पति-पत्नी शामिल है। सूचना पर पहुंचे सीओ राकेश कुमार एनडीआरएफ की टीम के साथ दोनों को खोजने में जुटे हैं। मौके पर सीआई जयप्रकाश, अंचलाधिकारी इम्तियाज आलम, पटखौली थाना अध्यक्ष सुरेश कुमार यादव सहित कई ग्रामीण मौजूद हैं।



