बेगूसराय।

माघी पूर्णिमा पर शनिवार को गंगा स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बेगूसराय के सभी गंगा घाटों पर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगने लगी। बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी समेत उत्तर बिहार तथा लखीसराय, जमुई, शेखपुरा, गया, नवादा, नालंदा जिलों से हजारों की संख्या में लोग पहॅुचें थें। सुबह तीन बजे से श्रद्धालुओं ने गंगा में डूबकी लगाना शुरु कर दिया। गंगा स्नान के बाद लोगों ने गंगा पूजन और गंगा आरती की, उसके बाद सिमरिया धाम स्थित तमाम मंदिरों में पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना किया। सबसे अधिक भीड़ उत्तरवाहिनी गंगा तट सिमरिया घाट पर उमड़ी। यहां मिथिला एवं मगध के एक लाख से भी अधिक लोगों ने गंगा स्नान किया है।
बड़ी संख्या में लोगों ने मुंडन संस्कार भी संपन्न कराए। गंगा स्नान को लेकर जुटी भीड़ के कारण गंगा घाट जाने वाले सभी रास्ते में अहले सुबह से ही भीड़भाड़ व जाम की स्थिति बनी रही। सिमरिया धाम में स्थित सिद्धाश्रम के संस्थापक स्वामी चिदात्मन जी ने कहा कि माघी पूर्णिमा के दिन गंगा में स्नान और दान का बहुत महत्व है। गंगा स्नान करने से सभी बाधाएं कट जाती है। जो लोग आज गंगा में स्नान औऱ दान करते हैं, उन्हें बत्तीस गुणा अधिक फल मिलता है।