कार्तिक पूर्णिमा पर सरयू तट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, मन्नत पूरी होने पर महिलाएं करती हैं विशेष अनुष्ठान; लोक संस्कृति और आस्था का दिखा संगम
Saran News: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सारण जिले के रिविलगंज स्थित गोदना-सेमरिया नहान मेले में मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। सरयू नदी के तट पर आयोजित इस पारंपरिक मेले में सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाई और दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। हालांकि, मेले का सबसे खास आकर्षण सदियों पुरानी कोसी भराई की परंपरा और मन्नत पूरी होने पर साड़ी के आंचल पर कराया जाने वाला लौंडा नृत्य रहा।

दीपों और गन्ने के मंडपों से जगमगाया सरयू तट
कार्तिक पूर्णिमा की रात सरयू नदी के किनारे दीपों और गन्ने से बने मंडपों का मनोरम दृश्य देखने को मिला। महिलाएं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कोसी भराई का अनुष्ठान करती नजर आईं। स्थानीय मान्यता के अनुसार, संतान प्राप्ति, विवाह या किसी विशेष मनोकामना के पूरी होने पर श्रद्धालु कार्तिक पूर्णिमा के दिन सरयू तट पर कोसी भरते हैं। इसके साथ ही साड़ी के आंचल पर लोक कलाकारों से नृत्य करवाने की परंपरा भी निभाई जाती है।
मन्नत पूरी होने पर आंचल पर करवाते हैं नृत्य
घाट पर पूजा-अर्चना करने पहुंचीं श्रद्धालु रेणु सिंह ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान और कोसी भराई की तरह सरयू स्नान का भी विशेष धार्मिक महत्व है। शादी-ब्याह या संतान सुख की मन्नत पूरी होने पर परिवार के लोग श्रद्धा के साथ आंचल पर नृत्य करवाते हैं। स्थानीय भाषा में इसे आंचल पर नचवाना कहा जाता है। इसे शुभ मानते हुए परिवार के लोग वर्षों से इस परंपरा का निर्वहन करते आ रहे हैं।
नेग के रूप में कलाकारों को देते हैं रुपये
मेले में पारंपरिक वेशभूषा और श्रृंगार में सजे लोक कलाकार ढोलक और झाल की थाप पर नृत्य प्रस्तुत करते नजर आए। सिमरिया से आईं कलाकार काजल ने बताया कि वह बचपन से इस परंपरा से जुड़ी हैं। श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी होने की खुशी में स्वेच्छा से नृत्य करवाते हैं और कलाकारों को नेग के रूप में 10, 20, 50 या 100 रुपये देते हैं। लोगों की मान्यता है कि इस अनुष्ठान से उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने किए इंतजाम
मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से घाटों पर बैरिकेडिंग, रोशनी और सुरक्षा की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे। वहीं, पारंपरिक लोकगीतों, ढोल-नगाड़ों की गूंज और श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा मेला क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।
गोदना-सेमरिया नहान मेला एक बार फिर अपनी विशिष्ट लोक परंपराओं और धार्मिक आस्था के कारण लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।


