चार बार मझगांव से जीत चुके हैं विधानसभा चुनाव, चयन समिति की बैठक में नाम पर लगी मुहर
Ranchi News: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के मझगांव विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। झारखंड विधानसभा स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 22 नवंबर को राज्यपाल उन्हें सम्मानित करेंगे। शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो के आवास पर आयोजित चयन समिति की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी।

बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने निरल पूर्ति के चयन की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि विधानसभा के सभी विधायक बेहतर कार्य कर रहे हैं। ऐसे में किसी एक विधायक का चयन करना काफी कठिन होता है। हालांकि, चयन समिति ने विभिन्न पहलुओं पर विचार करने के बाद निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक सम्मान के लिए चुना है।
निरल पूर्ति मझगांव विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक निर्वाचित होकर विधानसभा पहुंचे हैं। उनके कार्यों और विधायक के रूप में भूमिका को देखते हुए समिति ने उनके नाम पर मुहर लगाई।
चयन समिति की बैठक में कई प्रमुख सदस्य रहे मौजूद
चयन समिति की बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राजद विधायक सुरेश पासवान, विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार और पत्रकार विनय कुमार शामिल हुए। वहीं, समिति के कुछ अन्य सदस्यों ने ऑनलाइन माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 22 नवंबर को आयोजित स्थापना दिवस समारोह में राज्यपाल उत्कृष्ट विधायक के साथ बेहतर कार्य करने वाले विधानसभा सचिवालय के कर्मियों को भी सम्मानित करेंगे।
51 हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र मिलेगा
झारखंड विधानसभा में कुल 81 विधायक हैं। उत्कृष्ट विधायक का चयन उनकी कार्यशैली, व्यवहार और अपने विधानसभा क्षेत्र में किए गए कार्यों के आधार पर किया जाता है। इसके लिए एक चयन समिति गठित की जाती है, जिसमें पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, वरिष्ठ विधायक, पत्रकार और विधानसभा के प्रभारी सचिव शामिल होते हैं।
चयनित विधायक को प्रशस्ति पत्र के साथ 51 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की जाती है।
पांच विधानसभा कर्मी भी होंगे सम्मानित
स्थापना दिवस समारोह में विधानसभा सचिवालय के पांच कर्मियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। इनमें उपसचिव किरण सुमन बाखला, उपसचिव सुषमा सिंह, विधानसभा अधीक्षक मोहम्मद अली खान, ट्रेजरी के शिवराज राम और अनुसेवक संजय कुमार मेहता शामिल हैं।
विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने सभी चयनित लोगों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।


