Hazaribagh News: जिले में गोलीबारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अपराधियों ने लगातार दूसरे दिन गोलीबारी की घटना को अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। ताजा मामला चौपारण थाना क्षेत्र के सरदारपुर स्थित होटल एके इंटरनेशनल का है। गुरुवार की देर रात अपराधियों ने होटल के बाहर कई राउंड फायरिंग की। इस घटना में होटल के मुख्य प्रवेश द्वार का शीशा टूट गया। गोलीबारी के बाद इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, देर रात अपराधियों ने होटल को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।

घटनास्थल से गिरोह के नाम का पर्चा बरामद
पुलिस को घटनास्थल से राहुल दुबे गिरोह के नाम का एक पर्चा मिला है। बताया जा रहा है कि इस पर्चे के माध्यम से गिरोह ने गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, घटना में गिरोह की वास्तविक संलिप्तता और फायरिंग के पीछे की वजह की पुलिस जांच कर रही है।
गौरतलब है कि 30 अक्टूबर को भी इसी होटल एके इंटरनेशनल के मुख्य गेट पर गोलीबारी की घटना हुई थी। एक बार फिर होटल को निशाना बनाए जाने से स्थानीय व्यवसायियों में भय का माहौल है।
कोयला कारोबारियों में बढ़ी चिंता
हजारीबाग जिले में लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं ने कोयला कारोबारियों और अन्य व्यवसायियों की चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले 18 नवंबर की रात केरेडारी थाना क्षेत्र के पगार ओपी स्थित कोयला खनन कंपनी ऋत्विक के मुख्य गेट पर भी अपराधियों ने फायरिंग की थी। उस घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखा बरामद किया था। इस मामले में भी राहुल दुबे गिरोह के नाम की चर्चा सामने आई थी।
लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस अपराधियों की पहचान करने और गोलीबारी के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में अपराधियों तक कब पहुंच पाती है।


