Hazaribagh News: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत से शनिवार को परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। घटना के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए डिस्ट्रिक्ट मोड़ चौक पर सड़क जाम कर दिया। मृतका की पहचान चरही निवासी संगीता के रूप में हुई है। घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्था और इलाज के दौरान बरती गई सावधानियों पर सवाल उठने लगे हैं।
स्वस्थ बच्चे को जन्म देने के बाद बिगड़ी तबीयत
परिजनों के अनुसार, संगीता को प्रसव के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उन्होंने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। परिजनों का कहना है कि प्रसव के बाद महिला ने पेट में जलन की शिकायत की थी। इसके बाद अस्पताल में उन्हें एक इंजेक्शन दिया गया। आरोप है कि इंजेक्शन देने के कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। चिकित्सकों ने इलाज का प्रयास किया, लेकिन महिला की जान नहीं बचाई जा सकी।
महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से जवाब मांगा। उनका सवाल था कि प्रसव के बाद अचानक महिला की हालत कैसे बिगड़ी और उन्हें किस कारण से इंजेक्शन दिया गया। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
विधायक ने दिया न्याय का भरोसा
घटना की जानकारी मिलने पर हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। विधायक ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी। उन्होंने न्याय दिलाने और उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर चिंता जताई।
कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह ने भी अस्पताल की व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री और पार्टी के आलाकमान से बातचीत कर एक टीम गठित कराने तथा अस्पताल की व्यवस्था सुधारने की पहल की जाएगी। उन्होंने अंचल अधिकारी से भी बात कर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की।
आवेदन मिलने पर होगी जांच : एसडीपीओ
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रूपक कुमार सिंह ने परिजनों से बातचीत कर सड़क जाम हटाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि यदि परिजन चिकित्सकीय लापरवाही से मौत के संबंध में लिखित आवेदन देते हैं, तो पुलिस पूरे मामले की जांच करेगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
महिला की मौत के बाद परिजन न्याय और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। वहीं, घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से विस्तृत पक्ष सामने आना बाकी है।


