Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग जिले में सीसीएल की तापीन साउथ परियोजना से अपहृत आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर भास्कर कुमार को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस ने उन्हें कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र से मुक्त कराया। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। साथ ही अपहरण में इस्तेमाल की गई एक क्रेटा और एक स्कॉर्पियो समेत दो वाहन जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, भास्कर कुमार (35) तापीन साउथ सीसीएल परियोजना में काम करने वाली एनईपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। बीती रात करीब 8:30 बजे उनका अपहरण कर लिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हजारीबाग के एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मैनेजर की सुरक्षित बरामदगी और आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार और विष्णुगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इसमें चरही थाना प्रभारी और सशस्त्र बल के जवानों को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्यों सहित अन्य जानकारियों के आधार पर जांच शुरू की।
तीन गाड़ियों से पहुंचे थे अपहरणकर्ता
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपित काले रंग की एक क्रेटा कार और दो काली स्कॉर्पियो से घटनास्थल पर पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने मैनेजर को जबरन गाड़ी में बैठाया और अपने साथ लेकर फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस को चौपारण थाना क्षेत्र के भटबिघा निवासी राजेश यादव की इस वारदात में अपने साथियों के साथ संलिप्तता की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की। इस दौरान मोबाइल लोकेशन के जरिए पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र से एक स्कॉर्पियो और चंदवारा थाना क्षेत्र से क्रेटा कार जब्त की गई। इसी कार्रवाई के दौरान अपहृत मैनेजर भास्कर कुमार को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया। जानकारी अनुसार अपहरणकर्ता गाड़ी से चंदवारा टोल नाका की ओर भाग रहे थे। जिसके बाद हजारीबाग पुलिस की इनपुट पर चंदवारा पुलिस ने क्रेटा कार को अपने कब्जे लेकर अपहत मैनेजर को बरामद करते हुए पां आरोपी को गिरफतार कर लिया। बाद में सभी को हजारीबाग पुलिस को सौंप दिया।
पांच आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी
पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें राजेश यादव निवासी चौपारण, विक्की कुमार निवासी ईचाक, आनंद कुमार मेहता निवासी ईचाक, दिलीप प्रसाद मेहता निवासी मुफस्सिल और मनीष कुमार निवासी ईचाक शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, जब्त क्रेटा कार का रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 02बीके-3586 और स्कॉर्पियो का नंबर जेएच 02एयू-4625 है। मामले में चरही थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहृत मैनेजर को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।


