Ranchi News: चक्रवाती तूफान अर्नब कमजोर पड़ने के बावजूद झारखंड के मौसम पर इसका असर देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है, जिससे ठंड बढ़ गई है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।
कई जिलों में हुई अच्छी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार की तुलना में गुरुवार दोपहर तक बारिश की तीव्रता कम रही। हालांकि, दोपहर बाद कई इलाकों में रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। राज्य में सबसे अधिक 88.4 मिलीमीटर बारिश सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ में दर्ज की गई। वहीं, राजधानी रांची में 26.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

बादलों के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आसमान साफ होने के बाद न्यूनतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।
पांच जिलों में वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट
चक्रवात के अवशेषों के प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने शुक्रवार को पलामू, गढ़वा, गोड्डा, पाकुड़ और साहेबगंज में वज्रपात तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका जताई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
अर्नब अब अवदाब में बदला
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अर्नब कमजोर होकर अवदाब में बदल गया है। गुरुवार को इसका अवशेष दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर केंद्रित था। यह प्रणाली लगभग 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा की ओर बढ़ रही थी। इसके गुरुवार देर शाम तक और कमजोर होकर सुव्यक्त निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना जताई गई।
इधर, दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर बने ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से गुरुवार सुबह निम्न दबाव क्षेत्र बना। इसके अगले 24 घंटों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और धीरे-धीरे अधिक सक्रिय मौसमी प्रणाली में बदलने की संभावना है।
प्रमुख शहरों का तापमान
गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 24.2 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 22 डिग्री रहा। डाल्टनगंज में 27.2 और 20.3 डिग्री, बोकारो में 29.1 और 21.1 डिग्री तथा चाईबासा में 27 और 19.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बारिश और तापमान में गिरावट के कारण राज्य के कई हिस्सों में मौसम ठंडा हो गया है। आने वाले दिनों में आसमान साफ होने के बाद ठंड बढ़ने की संभावना है।


