Ranchi News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं और वही संगठन के वास्तविक मालिक हैं। कार्यकर्ताओं के समर्पण, मेहनत और जनसंपर्क के बल पर ही पार्टी की नीतियां तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं।
नितिन नवीन रविवार को रांची के कांके विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सुकुरहुटू स्थित बिरसा मंडप अखाड़ा परिसर में बूथ संख्या 249 पर भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण को सुनने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए संगठन में बूथ कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

बूथ अध्यक्ष को अपने पास बुलाकर दिया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान नितिन नवीन ने संगठन के प्रति कार्यकर्ताओं के योगदान को रेखांकित करने के लिए बूथ अध्यक्ष आकाश कुमार और मंडल अध्यक्ष प्रभात कुमार को अपने पास बुलाया। उन्होंने दोनों को अपने बगल में खड़ा किया और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठन का मालिक बताते हुए उनके महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती की नींव बूथ स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता हैं। उनके परिश्रम से ही प्रधानमंत्री के विचार और सरकार की योजनाएं आम लोगों तक पहुंचती हैं।
बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि, लगाया रुद्राक्ष का पौधा
कार्यक्रम से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने महिलाओं, ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत भी की।
लखपति दीदी योजना से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री की लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना विकसित भारत के निर्माण के लिए आवश्यक है। उन्होंने तीन करोड़ लखपति दीदियां बनाने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को आगे बढ़ाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं, तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ता है। महिलाएं परिवार और समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
बेटियों की शिक्षा को बताया जरूरी
भाजपा अध्यक्ष ने बच्चों की शिक्षा, खासकर बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से प्रधानमंत्री के संदेशों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री अमित सिंह, पूर्व विधायक समरी लाल, भाजपा नेता अमित कुमार, रांची पश्चिमी जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


