कमरे में बेहोश मिले फादर बेनेदिक बारला, सामान अस्त-व्यस्त; एसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का लिया जायजा
Khunti News: झारखंड के खूंटी थाना क्षेत्र स्थित संत मिखाइल स्कूल में अज्ञात हमलावरों ने फादर बेनेदिक बारला उर्फ फादर बेनी पर जानलेवा हमला कर दिया। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल फादर को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।

कमरे में बेहोश मिले फादर, सामान बिखरा हुआ था
स्कूल के फादर अनिल कुमार होरो ने बताया कि बुधवार सुबह सूचना मिली कि फादर बेनेदिक बारला अपने कमरे में बेहोश पड़े हैं। सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे तो कमरे के अंदर सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा हुआ मिला। इसके बाद फादर निकोलस और संजय सोरेंग की मदद से घायल फादर को तत्काल खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया।
फादर अनिल कुमार होरो ने आशंका जताई कि घटना देर रात या अहले सुबह की हो सकती है। उन्होंने बताया कि रात के समय स्कूल के संबंधित हिस्से में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं रहता था। हालांकि, हमले के पीछे की वजह और इसमें इस्तेमाल किए गए हथियार की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के विरोध में ईसाई समुदाय के द्वारा लगभग 6 घंटे तक मुख्य पथ जाम किया गया। डीसी एसपी के आश्वासन के जाम हटाया गया।
एसपी समेत पुलिस अधिकारी पहुंचे घटनास्थल
घटना की सूचना मिलते ही खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग, डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ स्कूल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी जुटाई।एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि बुधवार सुबह करीब नौ बजे संत मिखाइल स्कूल में रहने वाले फादर बेनेदिक बारला पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल फादर को बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजने की व्यवस्था की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, फादर को किस हथियार से चोट पहुंचाई गई, इसकी पुष्टि विस्तृत इंजरी रिपोर्ट मिलने के बाद होगी। घटनास्थल की जांच के साथ ही स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल हमले के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।


