Giridih News: मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गिरिडीह-डुमरी मुख्य पथ स्थित बंदरकुप्पी के समीप सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) के पुत्र ऋतिक यादव की पीट-पीटकर हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सतीश यादव और अनुज यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी सतीश यादव ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। दोनों की गिरफ्तारी की पुष्टि एसपी डॉ. विमल कुमार ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में की।
पुलिस के मुताबिक 24 सितंबर की रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर निवासी ऋतिक यादव अपने कुछ दोस्तों के साथ बंदरकुप्पी स्थित मैगी पॉइंट दुकान पर गया था। इसी दौरान वहां पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव से उसका विवाद हो गया। बताया गया कि दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था।
कहासुनी के बाद मामला कुछ देर के लिए शांत हो गया, लेकिन बाद में सतीश यादव अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और ऋतिक के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान ऋतिक गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. विमल कुमार ने आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे घटनाक्रम के खुलासे के लिए सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। टीम में मुफस्सिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन, अवर निरीक्षक विवेक माधुरी, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन सेल के अवर निरीक्षक मणिकांत समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और टेक्निकल सेल के कर्मी शामिल किए गए।
विशेष टीम ने घटना के बाद से लगातार तकनीकी साक्ष्य जुटाए और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस ने जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मारपीट में इस्तेमाल किए गए बांस की लाठी और दो जोड़ी चप्पल भी बरामद की है।
एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है। करीब छह माह पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसे बाद में सुलझा लिया गया था। इसके बावजूद पुराना विवाद दोबारा सामने आया और मामला हत्या तक पहुंच गया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।


