Dhanbad News: धनबाद पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से कोलकाता से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बंटी खान फर्जी दस्तावेजों के जरिए दुबई भागने की तैयारी में था। गिरफ्तारी के बाद उसे धनबाद लाया गया। पुलिस ने सोमवार को वासेपुर में उसका सड़क पर परेड कराया। इसी दौरान कुछ लोगों ने बंटी खान पर हमला करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तत्काल स्थिति संभालते हुए उसे भीड़ से सुरक्षित निकाल लिया।
पुलिस के मुताबिक बंटी खान के खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश समेत एक दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह कोलकाता में छिपा हुआ है और अंतरराष्ट्रीय उड़ान से दुबई भागने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर धनबाद पुलिस की विशेष टीम कोलकाता भेजी गई। पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी में फर्जी पासपोर्ट और वीजा बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने बंटी खान की तलाशी ली। उसके पास से वैध पासपोर्ट के अलावा कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट और वीजा भी बरामद किए गए हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये दस्तावेज कहां से तैयार कराए गए और इन्हें उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
धनबाद लाए जाने के बाद पुलिस ने बंटी खान को हथकड़ी लगाकर और कमर में कानून का रस्सा बांधकर सड़क पर परेड कराई। उसके साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद थे। पुलिस की कार्रवाई देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोग अपने वाहन रोककर भी कार्रवाई देखते नजर आए।

वासेपुर में भीड़ ने किया हमला का प्रयास
जब पुलिस बंटी खान को लेकर वासेपुर पहुंची, तो वहां कुछ लोगों ने उस पर हमला करने का प्रयास किया। अचानक बने हालात को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और बंटी खान को भीड़ से सुरक्षित निकाल लिया। इसके बाद पुलिस उसे लेकर आगे रवाना हो गई।
गिरोह के नेटवर्क की खुलेगी परत
धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बैंक मोड़ थाना में बंटी खान की गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को उसके विदेश भागने की तैयारी की सूचना मिली थी, जिसके बाद विशेष टीम को कोलकाता भेजकर कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार इससे पहले प्रिंस खान गिरोह के कथित मुख्य गुर्गे मेजर उर्फ सैफी को भी कोलकाता एयरपोर्ट से दुबई भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस को उम्मीद है कि बंटी खान से पूछताछ में गिरोह के रंगदारी नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और विदेश में सक्रिय सदस्यों के संबंध में अहम जानकारी मिल सकती है। फर्जी पासपोर्ट और वीजा तैयार कराने वाले नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। बंटी खान को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और पुलिस आगे की पूछताछ के लिए रिमांड लेने की तैयारी में है।


