Giridih News: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) धनबाद की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरिडीह साइबर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक (SI) पुनीत कुमार गौतम को 30 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी बुधवार दोपहर साइबर थाना से कुछ दूरी पर की गई। कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी दारोगा को अपने साथ धनबाद ले गई। एसीबी धनबाद ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, अहिल्यापुर निवासी जीवलाल मंडल ने एसीबी में शिकायत की थी कि गिरिडीह साइबर थाना कांड संख्या 24/26 के मामले में कोर्ट में केस डायरी भेजने के नाम पर सब-इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायतकर्ता के अनुसार, कथित तौर पर पहले उससे 2 लाख रुपए की मांग की गई थी। बाद में बातचीत के बाद 30 हजार रुपए में मामला तय होने की बात सामने आई। शिकायत मिलने के बाद धनबाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन में शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी ने आरोपी पुलिस अधिकारी को रंगेहाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

साइबर थाना से कुछ दूरी पर बनाया ट्रैप
योजना के तहत बुधवार को शिकायतकर्ता को आरोपी दारोगा को रिश्वत की रकम देने के लिए भेजा गया। एसीबी की टीम पहले से ही साइबर थाना के आसपास दो अलग-अलग वाहनों में तैनात थी। जैसे ही पुनीत कुमार गौतम ने शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपए की रकम ली, एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगेहाथ दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि मामले में आरोपी दारोगा द्वारा शिकायतकर्ता के परिजनों को जेल भेजने का भय दिखाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की विस्तृत पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी सब-इंस्पेक्टर को अपने साथ धनबाद ले गई, जहां उससे पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। एसीबी की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


