Bettiah News: बिहार के बेतिया जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे आयोजित छठियार समारोह में शामिल लोगों की भीड़ में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन घायलों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसा रात करीब 11 बजे एनएच-727 पर बसवरिया पराउटोला बनकटवा मध्य विद्यालय के सामने हुआ। जानकारी के अनुसार, लौरिया के बसवरिया निवासी शत्रुघ्न दुबे के घर नवजात बच्चे के छठियार समारोह का आयोजन किया गया था। घर सड़क के किनारे होने के कारण समारोह में बड़ी संख्या में रिश्तेदार, ग्रामीण और अन्य लोग जुटे थे। भोज-भात के साथ ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम चल रहा था और लोग कार्यक्रम देख रहे थे।
इसी दौरान बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा एक ट्रक आ रहा था, जबकि दूसरी तरफ से एक यात्री बस लौरिया की ओर जा रही थी। दोनों वाहनों के आमने-सामने आने पर टक्कर की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि बस चालक ने टक्कर से बचने के लिए अचानक बस की दिशा बदल दी। तेज रफ्तार होने के कारण बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सीधे समारोह में जुटी भीड़ में जा घुसी।
हादसे में देवेन्द्र दुबे (35), बहादुर महतो (45), संजय महतो (28), छांगुर राम (65) और भोला दुबे (35) की मौत हो गई। सभी मृतक बनकटवा के वार्ड संख्या 10 के निवासी बताए गए हैं। घायलों में श्यामबाबू कुमार (20), नरेश राम (40), अजीत कुमार (20), मोतीचंद महतो (60) और फखरुद्दीन मियां (17) समेत कई लोग शामिल हैं।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने बस और ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बस और ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और वाहन चालकों की भूमिका की जांच की जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। घटना के बाद बनकटवा गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।

