Khunti News: जिले के रनिया थाना क्षेत्र के उडिकेल बरटोली गांव में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। प्रेम प्रसंग के शक में एक पति ने अपनी पत्नी की टांगी से वार कर हत्या कर दी। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। मृतका की पहचान 33 वर्षीय उसरी कोनगाड़ी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद शनिवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तोरपा विजय कुमार सिंह और रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके की जांच करने के बाद आरोपी पति मथुरा कोनगाड़ी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ की और उसका बयान दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मथुरा ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग होने का शक था। आरोपी का दावा है कि उसकी पत्नी उक्त युवक से फोन पर बातचीत करती थी और उससे मुलाकात भी करती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
आरोपी के मुताबिक, उसने कई बार पत्नी को समझाने का प्रयास किया था, लेकिन दोनों के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ। शुक्रवार रात भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मथुरा ने कथित तौर पर पत्नी के सिर पर टांगी से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसरी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतका के मायके पक्ष की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर रनिया थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों और विवाद से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
बताया गया कि उसरी कोनगाड़ी और मथुरा कोनगाड़ी के तीन बच्चे हैं। मां की हत्या के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।


