Bhagalpur News: जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र में रविवार को जनाजे के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक के लिए ले जाए जा रहे जनाजे का ऊपरी हिस्सा हाई टेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गया, जिससे करंट फैल गया और मौके पर मौजूद आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद कब्रिस्तान में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, हबीबपुर के पूर्व मुखिया की पत्नी का निधन हो गया था। उन्हें दफनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग जनाजे के साथ कब्रिस्तान पहुंचे थे। इसी दौरान जनाजे का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गया। तार से संपर्क होते ही तेज करंट फैल गया, जिससे जनाजे में शामिल कई लोग उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में घायल सभी लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज अस्पताल) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की पहचान मोहम्मद अल्ताफ (22 वर्ष), मोहम्मद उमोद (15 वर्ष), मोहम्मद अफरोज (38 वर्ष), मोहम्मद खुशहाल (25 वर्ष), मोहम्मद जब्बार (40 वर्ष) और मोहम्मद शाहबाज (12 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी है और बिजली विभाग से भी आवश्यक जानकारी मांगी गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह हादसा बिजली विभाग की लापरवाही का नतीजा है। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर 11 हजार वोल्ट के बिजली तार काफी नीचे लटके हुए हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों को कई बार इस समस्या की जानकारी देने का प्रयास किया गया, लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जर्जर और नीचे लटके बिजली तारों को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।


