Buxar News: बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का मंत्री बनने के बाद पहली बार डुमरांव आगमन पर भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। नागरिक मंच डुमरांव के बैनर तले स्थानीय मार्बल हॉल में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, शिक्षक और छात्र-छात्राएं शामिल हुए। समारोह में स्थानीय विधायक राहुल सिंह, राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला तथा गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी जीवन कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डुमरांव राजपरिवार के छोटे सुपुत्र मानविजय सिंह ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ समाजसेवी मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने किया। समारोह का शुभारंभ वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद राज उच्च विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। वहीं सीपीएस उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सभी अतिथियों का स्वागत किया। युवा भाजपा नेता दीपक यादव ने शिक्षा मंत्री को मां डुमरेजनी का स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया।
शिक्षा मंत्री के डुमरांव पहुंचने पर पुराना भोजपुर चौक से राजगढ़ चौक तक बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर उनका जोरदार स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और जगह-जगह उनका अभिनंदन किया गया।
अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार की शिक्षा व्यवस्था को देश के लिए एक आदर्श मॉडल बनाने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि टीआरई-4 (शिक्षक नियुक्ति) की अधिसूचना जुलाई माह में जारी कर दी जाएगी। इससे राज्य में शिक्षक बहाली की प्रक्रिया को और गति मिलेगी।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों के जर्जर विद्यालय भवनों की जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि उनकी मरम्मत या नए भवन निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्रवाई की जा सके। शिक्षा मंत्री ने डुमरांव को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए नवानगर में स्थापित हो रहे औद्योगिक प्रकल्पों की भी सराहना की।
एमएलसी जीवन कुमार ने शिक्षकों के सम्मान, उनकी सुविधाओं तथा पारदर्शी स्थानांतरण व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं विधायक राहुल सिंह ने डुमरांव में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की स्वीकृति से लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से शहर में करीब पांच किलोमीटर लंबी आधुनिक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि डुमरांव को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा और इसे कभी हिंसा एवं नक्सलवाद की राजनीति का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा।
समारोह में पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए शिक्षा मंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।


