Bihar News : जमुई: जिले के जमुई प्रखंड स्थित जगन्नाथ मिश्रा +2 उच्च विद्यालय, डुंडो में छात्रों से कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें कथित रूप से छात्रों से नकद राशि लेते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को वायरल हुए वीडियो के बाद पूरे जिले में सरकारी विद्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज हो गई है। विद्यालय के एक शिक्षक ने आरोप लगाया है कि छात्रों से परीक्षा शुल्क के नाम पर 50 रुपये, मार्कशीट देने के लिए 200 रुपये तथा अपार (APAAR) आईडी में नाम दर्ज कराने के नाम पर 100 रुपये की वसूली की जा रही है। शिक्षक का दावा है कि सरकारी नियमों के तहत इन कार्यों के लिए छात्रों से कोई शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए।
मामले को लेकर जब विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिल कुमार सुमन से संपर्क किया गया तो उन्होंने शुरुआत में छात्रों से पैसे लेने के आरोपों से इनकार किया। बाद में उन्होंने कहा कि विद्यालय वित्त रहित (अनुदानरहित) है और शिक्षकों को सरकार से नियमित वेतन नहीं मिलता। इसी कारण विद्यालय संचालन के लिए छात्रों से 25 से 30 रुपये तक सहयोग राशि ली जाती है। हालांकि परीक्षा शुल्क, मार्कशीट और अपार आईडी के नाम पर कथित वसूली के आरोपों पर उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर कई सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह सरकारी नियमों का उल्लंघन है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब जिले में नए जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) ने हाल ही में पदभार संभाला है। ऐसे में लोगों की निगाहें अब शिक्षा विभाग पर टिकी हैं कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाती है या नहीं। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक जांच की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।


