Bihar News : बिहार के सीतामढ़ी जिले में सीएसपी संचालक से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस कार्रवाई में चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है तथा हथियार, कारतूस और लूटी गई बाइक बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले रीगा थाना क्षेत्र के अन्हारी गांव में सीएसपी बंद कर घर लौट रहे संचालक से हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया।
इसी दौरान नगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि हुसैना पुल के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की, जहां से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, गिरोह का मुख्य आरोपी सफेद रंग की अपाचे बाइक से भाग निकला।
पुलिस ने तुरंत आसपास के थानों को अलर्ट कर नाकेबंदी कराई। रीगा थाना क्षेत्र के रेवासी में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर पकड़ लिया गया।
घायल आरोपी की पहचान परसौनी थाना क्षेत्र के फेकन कुमार के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार अन्य आरोपियों में चंदन कुमार उर्फ फेकन कुमार, कमलेश कुमार, अविनाश कुमार और शिवहर जिले के पिपराढी थाना क्षेत्र के लड्डू कुमार शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी कट्टे, एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस तथा परसौनी थाना क्षेत्र से लूटी गई सफेद रंग की अपाचे बाइक बरामद की है। सीतामढ़ी पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।


