Patna News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में पटना मेट्रो रेल परियोजना की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परियोजना के सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 2 जुलाई 2026 को पटना मेट्रो रेल परियोजना का विस्तार मलाहीपकड़ी तक आम जनता को समर्पित किया जाएगा। इस नए विस्तार के शुरू होने से राजधानी पटना के हजारों यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही सड़क यातायात का दबाव कम होगा और लोगों का यात्रा समय भी घटेगा।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने परियोजना के प्रत्येक चरण के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने और तय समयसीमा के अनुसार कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को विभिन्न स्थलों पर समानांतर रूप से कार्य में तेजी लाने, नियमित मॉनिटरिंग करने और समय-समय पर प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने मेट्रो निर्माण के दौरान आम नागरिकों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए वैज्ञानिक और प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन लागू करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को पूरे पटना शहर की यातायात व्यवस्था का व्यापक अध्ययन कर जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए समग्र ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया, ताकि निर्माण कार्य के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना या जन असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेट्रो के पूर्ण रूप से संचालित होने के बाद राजधानीवासियों को विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इससे शहर में ट्रैफिक जाम और प्रदूषण दोनों में कमी आएगी, जबकि लोगों का दैनिक आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध हो सकेगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने पटना के प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप के मास्टर प्लान को भी निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजधानी के सुनियोजित विस्तार और भविष्य की बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए आधुनिक एवं व्यवस्थित सैटेलाइट टाउनशिप का विकास आवश्यक है।
इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार तथा पटना मेट्रो रेल परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को न्यू आईएसबीटी से आकाशवाणी तक प्रस्तावित कॉरिडोर-1 तथा न्यू आईएसबीटी से मीठापुर (जगनपुरा होते हुए) निर्माणाधीन कॉरिडोर की प्रगति से अवगत कराया। अधिकारियों ने परियोजना के विभिन्न चरणों और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की।


