Bihar News : बिहार के बेगूसराय जिले में सोमवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (एनएच-31) पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सिंघौल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला के समीप उस समय हुआ, जब दो स्कॉर्पियो वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के पोखरिया से छह युवक एक स्कॉर्पियो में सवार होकर सिमरिया गंगा घाट स्नान के लिए जा रहे थे। स्नान के बाद सभी दोस्तों ने जन्मदिन मनाने की भी योजना बनाई थी। लेकिन रास्ते में अंग्रेजी ढाला के समीप सामने से आ रही दूसरी स्कॉर्पियो से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।
हादसे में पोखरिया निवासी स्वर्गीय ललन पासवान के 26 वर्षीय पुत्र ऋषभ कुमार, बैजू शर्मा के 26 वर्षीय पुत्र ऋषभ कुमार तथा वार्ड-36 निवासी राजन साह उर्फ चिक्कू के 22 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल स्कॉर्पियो चालक राजा कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
दूसरी स्कॉर्पियो बखरी थाना क्षेत्र से बारात लेकर विनोदपुर जा रही थी। इस वाहन में सवार विकास कुमार, प्रियांशु कुमार, लक्ष्मण कुमार, प्रिंस कुमार, ज्योतिष कुमार समेत आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय अस्पतालों और बेहतर इलाज के लिए अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर सिंघौल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित और सतर्क वाहन चलाने की आवश्यकता को उजागर किया है।


