Motihari News: पूर्वी और पश्चिम चंपारण की सीमा से सटे क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। सगौली थाना क्षेत्र के छपवा-बेतिया मुख्य मार्ग स्थित नयका टोला गांव के समीप एक तेज रफ्तार पिकअप वैन और सवारियों से भरे ऑटो (टेंपो) की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोतिहारी से बेतिया की ओर जा रहा यात्रियों से भरा टेंपो जैसे ही नयका टोला के पास पहुंचा, सामने से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों वाहन सड़क पर पलट गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत राहत कार्य में जुट गए।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सगौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कराया। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल, बेतिया रेफर कर दिया गया।
घायलों में केसरिया थाना क्षेत्र के बथना गांव निवासी चांद खान (32), बेतिया नया टोला की रिफत परवीन (20), मन्नत परवीन (12) तथा शंकर कुमार शर्मा (35) शामिल हैं। वहीं इस भीषण दुर्घटना में आयशा खातून (22), रुबीना खातून (25), जायद खान और टेंपो चालक भैरो राउत (42) की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद दोनों वाहन सड़क पर पलट जाने से छपवा-बेतिया मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने जेसीबी मशीन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को सामान्य किया जा सका।
सगौली थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।


