Jharkhand News: चतरा जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य की अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर गिद्धौर थाना क्षेत्र के जपुआ गांव के समीप की गई। पुलिस ने आरोपी के पास से लगभग चार किलो अफीम बरामद की है।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान जपुआ गांव निवासी रामचरण दांगी उर्फ रामचंद्र दांगी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक स्मार्टफोन और दो किलो गुड़ जैसा पदार्थ भी जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस पदार्थ का इस्तेमाल अफीम का वजन बढ़ाने के लिए किया जाना था।
रविवार को समाहरणालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनिमेष नैथानी ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध अफीम लेकर चतरा-हजारीबाग मुख्य पथ पर बस का इंतजार कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत छापेमारी टीम का गठन किया गया।
एसपी के अनुसार, नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जपुआ गांव के पास अभियान चलाया। पुलिस को देखते ही सड़क किनारे बैग लिए खड़ा संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से तीन प्लास्टिक पैकेट में रखी अफीम बरामद हुई। इसके अलावा मोबाइल फोन और अन्य संदिग्ध सामान भी जब्त किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अफीम कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई करने की तैयारी थी।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत गिद्धौर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
इस अभियान में पुलिस निरीक्षक बिपिन कुमार, थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री और एएसआई अशोक कुमार पांडेय समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। चतरा पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।


