Bihar News: नीट यूजी-2026 परीक्षा रद्द होने की खबर के बाद देशभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच नाराजगी का माहौल है। पेपर लीक के आरोपों के बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा परीक्षा रद्द किए जाने की सूचना सामने आने के बाद बिहार की राजनीति भी गर्मा गई है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष Tejashwi Yadav ने इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द होना 23 लाख छात्रों के भविष्य के साथ बड़ा खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार समेत पूरे देश में पेपर लीक की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरकार इसे रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि भाजपा सरकारों के कार्यकाल में परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता लगातार कमजोर हो रही है। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि क्या सरकार के पास इतनी भी प्रशासनिक क्षमता और इच्छाशक्ति नहीं है कि एक राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा को बिना पेपर लीक के सफलतापूर्वक आयोजित कराया जा सके।
तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल दिखावटी जांच और औपचारिक कार्रवाई से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सरकार को आत्मनिरीक्षण करने की जरूरत है और यह समझना चाहिए कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से छात्रों का भरोसा टूट रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा दोबारा आयोजित होने की स्थिति में छात्रों और उनके परिवारों को भारी आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। लाखों छात्र एक बार फिर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए यात्रा करेंगे, जिससे समय, पैसा और संसाधनों की बर्बादी होगी। तेजस्वी ने पेट्रोल-डीजल की खपत और आर्थिक नुकसान का मुद्दा भी उठाया।
राजद नेता ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से सरकार की नीति और नीयत दोनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य किसी भी राजनीति से बड़ा है और सरकार को परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
नीट परीक्षा रद्द होने की खबर के बाद सोशल मीडिया पर भी छात्रों और अभिभावकों की प्रतिक्रियाएं तेजी से सामने आ रही हैं। कई छात्रों ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर हैं।


