Jharkhand News: रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित कोकर के खोरहा टोली से लापता हुई डेढ़ साल की मासूम बच्ची अदिति पांडे की तलाश में पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। बच्ची के गायब होने के बाद पूरे इलाके में चिंता और बेचैनी का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने बच्ची के बारे में जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, 18 महीने की अदिति पांडे अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद परिवार वालों ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और बच्ची की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया। विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाया जा रहा है।
रांची पुलिस ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को बच्ची के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
मामले को लेकर केवी रमण ने सोमवार को बताया कि पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि बच्ची की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की पहली प्राथमिकता है। बच्ची की तलाश में लोगों की मदद लेने के लिए पुलिस ने कई मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं, जिन पर सीधे संपर्क कर सूचना दी जा सकती है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आम लोगों के सहयोग से बच्ची को जल्द सुरक्षित बरामद किया जा सकता है। वहीं, अदिति के लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और स्थानीय लोग भी बच्ची की सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। रांची पुलिस लगातार अलर्ट मोड में काम कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही बच्ची का पता लगा लिया जाएगा।
कोकर से लापता 18 माह की बच्ची के परिजनों से मिले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सोमवार को रांची के कोकर स्थित खोरहा टोली रोड नंबर-02 से पिछले कई दिनों से लापता 18 माह की बच्ची के परिजनों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा साझा की। उन्होंने पुलिस प्रशासन को 36 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में बच्ची को सुरक्षित बरामद नहीं किया गया, तो भाजपा के कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
आदित्य साहू ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस का भय समाप्त हो गया है और अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। उनके अनुसार, राज्य में कानून का नहीं बल्कि अपराधियों का शासन दिखाई दे रहा है।


