Bihar News: बिहार की राजनीति में शुक्रवार का दिन काफी हलचल भरा रहा। एक ओर नीतीश कुमार दिल्ली में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले रहे थे , वहीं दूसरी ओर राजधानी पटना में पोस्टर पॉलिटिक्स ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। जनता दल (यूनाइटेड) के पार्टी कार्यालय से लेकर शहर की प्रमुख सड़कों तक लगे पोस्टरों ने पार्टी के अंदरूनी मतभेद को खुलकर सामने ला दिया है।
दरअसल, जदयू कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए इन पोस्टरों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को भविष्य का मुख्यमंत्री बताया गया है। पोस्टरों में लिखा गया है—“हे जनेश्वर, नीतीश सेवक मांगे निशांत… पूछता है बिहार-आप जैसा कौन देगा सुरक्षा गारंटी और पूरा साथ।” इस तरह के संदेशों ने पार्टी के भीतर चल रही खींचतान को और हवा दे दी है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह केवल पोस्टर नहीं, बल्कि जदयू के अंदर पनप रही असहमति और नेतृत्व को लेकर उठ रहे सवालों का सार्वजनिक प्रदर्शन है। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और संभावित राजनीतिक बदलावों की अटकलों के बीच कार्यकर्ताओं की नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है।
इससे पहले भी जदयू के कई कार्यकर्ता पटना में विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। कुछ मौकों पर पार्टी कार्यालय में हंगामा और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई थीं, जो यह दर्शाती हैं कि पार्टी के भीतर असंतोष लगातार बढ़ रहा है। मौजूदा पोस्टर विवाद ने इस असंतोष को और उजागर कर दिया है।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि क्या यह पोस्टर किसी बड़े राजनीतिक संकेत का हिस्सा हैं या फिर कुछ कार्यकर्ताओं की व्यक्तिगत पहल। हालांकि, पार्टी नेतृत्व की ओर से इस पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि दिल्ली में शपथ ग्रहण के बाद पटना लौटने पर नीतीश कुमार इस स्थिति को कैसे संभालते हैं। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती पार्टी को एकजुट रखना और अंदरूनी असंतोष को शांत करना होगी।
बिहार की राजनीति में यह घटनाक्रम महज पोस्टर विवाद नहीं, बल्कि भविष्य की सत्ता और नेतृत्व को लेकर चल रही हलचल का संकेत माना जा रहा है। आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है, जिससे राज्य की सियासत पर इसका गहरा असर पड़ने की संभावना है।


