Patna News: बिहार इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 का बहुप्रतीक्षित परिणाम सोमवार को जारी कर दिया गया। राज्य के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने औपचारिक रूप से रिजल्ट घोषित किया। इस अवसर पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर भी मौजूद रहे।
इस वर्ष इंटर परीक्षा में कुल 85.19 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए हैं, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन माना जा रहा है। खास बात यह रही कि छात्राओं ने एक बार फिर छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया है। छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.23 रहा, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 84.09 प्रतिशत दर्ज किया गया।
परीक्षा में कुल 13.17 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे, जिनमें 6.75 लाख छात्राएं और 6.42 लाख छात्र थे। परिणाम जारी होने के साथ ही तीनों संकाय—विज्ञान, कला और वाणिज्य—के टॉपर्स की भी घोषणा की गई।
विज्ञान संकाय में समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश अमन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 481 अंक (96.20%) हासिल कर राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सीतामढ़ी की साक्षी कुमारी और नवादा की सपना कुमारी 479 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं।
कला संकाय में गया की निशु कुमारी ने 479 अंक (95.80%) लाकर टॉप किया। दूसरे स्थान पर सीतामढ़ी की सिद्धि शुक्ला, लखीसराय के चंद्रदीप कुमार और पूर्णिया के मोहम्मद लकी अंसारी रहे, जिन्हें 478 अंक प्राप्त हुए।
वाणिज्य संकाय में पटना की अदिति कुमारी ने 480 अंक के साथ प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि माही कुमारी 476 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। शिक्षा मंत्री ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और असफल छात्रों को निराश न होने की सलाह दी।


