Latehar News: जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद किए गए गांजा की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इस पूरे मामले की फिलहाल गहन जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, जिले के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के कोमो जंगल के पास मुख्य सड़क किनारे एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है। आशंका जताई गई थी कि इस ट्रक में अवैध मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में अंचल अधिकारी नंदकुमार राम और पुलिस इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार शामिल थे।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध ट्रक की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में ट्रक में मवेशियों के चारे से भरी बोरियां नजर आईं, जिससे किसी को शक नहीं होता। लेकिन जब पुलिस ने बोरियों को खोलकर देखा, तो अंदर पैकेट में बंद गांजा बरामद हुआ। एक-एक कर सभी बोरियों की जांच की गई, जिसमें करीब 150 से अधिक पैकेट गांजा पाया गया।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने गांजा को जब्त कर लिया है और ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह अवैध गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
इस संबंध में एसपी कुमार गौरव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है और बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े लोगों का खुलासा किया जाएगा।

