Jamshedpur News:- झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस नेता बन्ना गुप्ता ने सोमवार की रात अपनी शादी की वर्षगांठ के मौके पर एक बड़ा राजनीतिक एलान कर दिया। उन्होंने अपनी पत्नी सुधा गुप्ता को मानगो नगर निगम के मेयर पद के लिए आधिकारिक तौर पर उम्मीदवार घोषित किया। यह घोषणा ओम प्रकाश सिंह के गैराज सह कांग्रेस कार्यालय में हुई, जहां दंपती वर्षगांठ मनाने पहुंचे थे।
देखते ही देखते यह पारिवारिक समारोह कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भारी जमावड़े के बीच राजनीतिक शक्ति–प्रदर्शन में बदल गया। सुबह से ही जवाहर नगर रोड नंबर 15 के सामने एनएच किनारे स्थित कार्यालय में समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। जैसे ही बन्ना गुप्ता और उनकी पत्नी वहां पहुंचे, “कांग्रेस जिंदाबाद” और “मानगो की मेयर सुधा गुप्ता” के नारे पूरे परिसर में गूंज उठे।
कार्यकर्ताओं ने बन्ना और सुधा गुप्ता का फूल-मालाओं और गुलदस्तों से जोरदार स्वागत किया। वर्षगांठ के मौके पर दंपती ने केक काटकर कार्यकर्ताओं के साथ खुशियां साझा कीं। माहौल कुछ ही मिनटों में पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया।
इसी बीच, बन्ना गुप्ता ने मंच से मेयर पद पर अपनी पत्नी की दावेदारी का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि मानगो उनका हमेशा से प्रिय क्षेत्र रहा है और यहां की जनता उनके परिवार पर लगातार भरोसा करती आई है। उन्होंने विश्वास जताया कि सुधा गुप्ता क्षेत्र के विकास में नई ऊर्जा के साथ काम कर सकती हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अंतिम निर्णय जनता और पार्टी का होगा, लेकिन वे उम्मीद करते हैं कि मानगो के लोग इस बार भी उनके साथ खड़े रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी नगर निगम चुनाव में मेहनत करने और सुधा गुप्ता को विजयी बनाने का संकल्प लिया। इस घोषणा के बाद मानगो की स्थानीय राजनीति में हलचल और तेज हो गई है और अब चर्चाओं का केंद्र बन गई हैं—सुधा गुप्ता।

