Purnia News:- कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को पूर्णिया के झील टोला, जनता चौक में आयोजित महागठबंधन की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं के रोजगार की स्थिति बेहद चिंताजनक है। इन दोनों मुद्दों पर राज्य सरकार को गंभीरता से काम करना चाहिए।
प्रियंका गांधी ने अपने भाषण में कहा कि देश की आधी आबादी महिलाएं हैं, और जब महिलाएं परिवर्तन का मन बना लेती हैं, तो नतीजा तय हो जाता है। उन्होंने कहा कि बिहार में आज महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं, वहीं युवाओं को नौकरी और सम्मानजनक रोजगार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और महागठबंधन इन दोनों मुद्दों को अपने एजेंडे में सबसे ऊपर रखेगा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की कमजोरी और बढ़ते भ्रष्टाचार ने बिहार की प्रगति को रोक रखा है। जब तक इन समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक राज्य का वास्तविक विकास संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसी सरकार को चुनें जो संवेदनशील हो, शिक्षा और रोजगार पर निवेश करे और महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान दे।
सभा में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, कांग्रेस नेत्री अलका लांबा और पूर्णिया के सांसद राजीव रंजन उर्फ पप्पू यादव भी मौजूद थे। इस अवसर पर पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन समर्थित उम्मीदवार जितेंद्र कुमार यादव ने भी जनता को संबोधित किया।
सभा स्थल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही। प्रियंका गांधी के आगमन पर महिलाओं और युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग बदलाव चाहते हैं और यह बदलाव महिलाओं और युवाओं के सहयोग से संभव है।

