Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को औरंगाबाद और भभुआ में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने कांग्रेस के अनुसूचित जाति के प्रदेश अध्यक्ष का अपमान किया है। यह केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे दलित समाज का अपमान है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस की सांठगांठ केवल सत्ता पाने के लिए है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस की कनपट्टी पर कट्टा सटा कर राजद ने अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करवाया। कांग्रेस को वही सीटें दी गईं, जो पिछले बीस साल से राजद नहीं जीत पाई है।”
मोदी ने आगे कहा कि संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के अनुसूचित जाति के प्रदेश अध्यक्ष को तक नहीं बुलाया गया — यह उनके सम्मान के साथ खुला अपमान है। उन्होंने जनता से सवाल किया, “जो अपने साथियों का सम्मान नहीं कर सके, क्या वे बिहार का भला करेंगे?”
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजद के नेता युवाओं को नौकरी नहीं, बल्कि रंगदारी और कट्टा चलाने की शिक्षा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि “जंगलराज” के वो दिन फिर लौटे तो राज्य में भय, भ्रष्टाचार और अपराध बढ़ेगा।
पहले चरण में हुए बंपर मतदान का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि इस बार बिहार में राजग की अब तक की सबसे बड़ी जीत होगी। मोदी ने कहा कि महिलाओं को सम्मान और सशक्तिकरण केवल एनडीए सरकार ने दिया है — नगर निकाय और पंचायत चुनाव में 50% आरक्षण, नौकरियों में 35% आरक्षण और स्वरोजगार के लिए 1 करोड़ 40 लाख महिलाओं को आर्थिक सहायता दी गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं जो कहता हूं, वही करता हूं।” उन्होंने याद दिलाया कि केंद्र सरकार ने धारा 370 हटाई, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को 10% आरक्षण दिया, और बिहार के 60 लाख गरीब परिवारों को पक्का घर दिया है।
उन्होंने कहा कि यदि राजग की सरकार दोबारा बनी, तो किसानों को सम्मान राशि में 3,000 रुपये की बढ़ोतरी कर प्रति वर्ष 9,000 रुपये दिए जाएंगे। मोदी ने मंच से राजग उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील की।

