Katihar News:- बिहार विधानसभा चुनाव के माहौल में जनसभाओं का दौर तेज हो गया है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कटिहार की धरती से चुनावी हुंकार भरते हुए लोगों से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस बार बिहार की जनता सुशासन, विकास और स्थिर सरकार के लिए वोट देगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार की जनता राजनीति को समझती है और जो कहा जाता है उसके पीछे की बात भी जानती है। उन्होंने राजद और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि जिन नेताओं ने वर्षों तक बिहार पर शासन किया, उनकी तस्वीरें आज पोस्टरों से गायब क्यों हैं?
छठ महापर्व का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस नेताओं के उस बयान की आलोचना की जिसमें इसे ‘ड्रामा’ कहा गया था। उन्होंने कहा कि यह बिहार की आस्था का अपमान है। उन्होंने नीतीश सरकार की ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की सराहना करते हुए बताया कि अब तक 1.40 करोड़ महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये सीधे पहुंच चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने भ्रष्टाचार की लूट बंद की है। दिल्ली और पटना से निकला हर रुपया सीधे गरीब के खाते में पहुंच रहा है। बिहार के युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब समय है कि युवाओं का पलायन रुके और वही बिहार में रहकर विकास करें।
घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि देश के संसाधनों पर सिर्फ भारत के नागरिकों का अधिकार है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घुसपैठियों को संसाधनों पर कब्जा नहीं करने दिया जाएगा और राजद-कांग्रेस इस मुद्दे पर देश का साथ नहीं देते।
उन्होंने सीमांचल क्षेत्र के सभी राजग उम्मीदवारों को विजय दिलाने का आह्वान किया और विश्वास जताया कि आने वाला बिहार पलायन नहीं, बल्कि प्रगति के लिए पहचाना जाएगा।
कांग्रेस-राजद पर पीएम मोदी का हमला, कहा– बिहार को फिर अंधेरे में धकेलना चाहते हैं
वही बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सहरसा में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार को एक बार फिर जंगलराज और अराजकता में धकेलने की कोशिश हो रही है। जनता को फैसला करना होगा कि विकास चाहिए या विनाश।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और राजद पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों ने हमेशा बदले की राजनीति की और बिहार का हक का पैसा रोककर राज्य को पिछड़ा बनाए रखा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस-राजद के समर्थन से चल रही सरकार ने बिहार की विकास योजनाओं पर ताले लगा दिए थे, कोसी महासेतु जैसे प्रोजेक्ट अटका दिए गए। लेकिन 2014 के बाद राजग सरकार ने इन योजनाओं को पूरा कर जनता को समर्पित किया।
उन्होंने तंज कसा कि कांग्रेस-राजद की राजनीति ‘कट्टा, करप्शन और कुशासन’ पर आधारित रही है, जबकि एनडीए की पहचान विकास, सुशासन और आत्मनिर्भर बिहार है। मोदी ने जनता से अपील की कि जंगलराज की राजनीति को इस बार ऐसा जवाब दें कि वे लौटने का सपना भी न देख सकें।
महिला सशक्तिकरण का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की 1.40 करोड़ बहनों के खातों में सीधे पैसा पहुंच रहा है, जिसे ये विपक्षी दल बंद करना चाहते हैं। उन्होंने महिला क्रिकेट विश्वकप में भारत की जीत का जिक्र करते हुए बेटियों की ताकत को नया भारत बताया।
प्रधानमंत्री ने घुसपैठ के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा और कहा कि देश के संसाधनों पर सिर्फ भारत के नागरिकों का अधिकार है, घुसपैठियों का नहीं। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा – “बिहार को बचाइए, विकास को चुनिए, जंगलराज को हमेशा के लिए विदा कीजिए।”
सभा के अंत में लोगों ने ‘फिर एक बार, सुशासन सरकार’ के नारे लगाए और पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि बिहार 2025 में विकास की नई इबारत लिखेगा।

