Patna:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एनडीए की चुनावी मुहिम का आगाज करते हुए समस्तीपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इससे पहले उन्होंने कर्पूरी ठाकुर की जन्मभूमि कर्पूरीग्राम पहुंचकर भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को पुष्पांजलि अर्पित की।
सभा में पीएम मोदी ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा, “पूरा बिहार कह रहा है—फिर एक बार एनडीए सरकार।” उन्होंने कहा कि जब नीयत साफ हो और नीतियां देशहित में हों, तो जनता हमेशा आशीर्वाद देती है।
तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि बिहार अब “जंगलराज” के दिनों में वापस नहीं जाएगा। उन्होंने याद दिलाया कि 2005 में बिहार ने जंगलराज से मुक्ति पाई थी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का दौर शुरू हुआ था। मोदी ने कहा कि केंद्र में जब कांग्रेस-राजद की सरकार थी, तब बिहार के विकास में कई बाधाएं डाली गईं। आज राज्य में बिजली, पानी, सड़क, गैस, रोजगार और शिक्षा जैसे हर क्षेत्र में काम हो रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार विकास की गारंटी है। उन्होंने महाराष्ट्र, हरियाणा, गुजरात, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के उदाहरण देते हुए कहा कि देश के हर राज्य में जनता ने एनडीए पर भरोसा जताया है।
मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत मिथिला भाषा में की और कहा कि त्योहारों के बीच इतनी भीड़ का जुटना जनता के उत्साह का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर जैसे नेताओं की वजह से आज पिछड़े और गरीब परिवारों के लोग देश की राजनीति में भागीदार बन पाए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार ने सामाजिक न्याय को सुशासन की नींव बनाया है। मुफ्त इलाज, नल का जल, और गरीबों के लिए आरक्षण जैसी योजनाएं इसी का हिस्सा हैं। उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि “जो लोग घोटालों में जमानत पर हैं, वही जननायक की उपाधि चुराने की कोशिश कर रहे हैं — इसे जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।”

