Ranchi News:- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए झारखंड में मंगाए जा रहे हथियारों के मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।
मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर कहा कि रांची में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और गोलियां मंगवाकर अपराध को अंजाम दिया जा रहा है। इन हथियारों को पंजाब के मोगा के रास्ते भारत लाया जा रहा है और बाद में रांची सहित देश के विभिन्न हिस्सों में अपराधी तत्वों द्वारा रंगदारी वसूली के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। यह मामला राज्य की खुफिया एजेंसियों और पुलिस तंत्र की विफलता को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में अपराधी खुलेआम वसूली कर रहे हैं और व्यवसायी वर्ग भय के माहौल में जीने को विवश है। मरांडी ने उदाहरण देते हुए कहा कि धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर और रांची में छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े उद्योगपतियों तक से रंगदारी मांगी जा रही है। कई व्यापारी भय के कारण अपने प्रतिष्ठान बंद कर राज्य से पलायन तक कर रहे हैं।
भाजपा नेता ने सवाल उठाया कि जब इतनी बड़ी हथियार तस्करी हो रही है, तो पुलिस और खुफिया एजेंसियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई? क्या पुलिस के कुछ अधिकारी इस गिरोह से मिले हुए हैं या वसूली में हिस्सेदारी के कारण आंखें मूंदे बैठे हैं?
मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य के पुलिस तंत्र में भ्रष्टाचार बढ़ गया है और शीर्ष स्तर तक मिलीभगत की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए ताकि सच सामने आए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।

