Jamshedpur News- घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन 17 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन से पहले भाजपा एक भव्य जनसभा का आयोजन करने जा रही है, जिसमें पार्टी के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मौजूदगी तय है। भाजपा इसे पूर्वी सिंहभूम जिले में अपनी राजनीतिक शक्ति के प्रदर्शन के रूप में देख रही है।
सूत्रों के अनुसार, इस जनसभा में उड़ीसा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। यदि वे आते हैं, तो यह भाजपा के लिए पूर्वी झारखंड और सीमावर्ती उड़ीसा क्षेत्र में एक बड़ा राजनीतिक संदेश माना जाएगा।
नामांकन से पहले आयोजित जनसभा में पार्टी नेताओं द्वारा केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को जनता के बीच रखने के साथ-साथ झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार की विफलताओं को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
भाजपा ने कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में घाटशिला पहुंचने का आह्वान किया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं, ताकि जनसभा और नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि घाटशिला उपचुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है। पार्टी इस उपचुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंकना चाहती है, वहीं झामुमो ने पहले ही पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन को उम्मीदवार बनाया है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि घाटशिला की इस राजनीतिक जंग में जनता किसे चुनती है — अनुभव के प्रतीक बाबूलाल सोरेन को या नई पीढ़ी के प्रतिनिधि सोमेश सोरेन को।

