Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण को लेकर जन सुराज पार्टी ने गुरुवार को अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी। इस सूची में पार्टी ने कला, संस्कृति, चिकित्सक, शिक्षाविद और राजनेताओं को विशेष रूप से शामिल किया है। इसके साथ ही कुछ प्रमुख नेताओं के पुत्रों को भी टिकट दिया गया है। हालांकि, सूची जारी होने के बाद भी यह सवाल बना हुआ है कि पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) स्वयं चुनावी मैदान में उतरेंगे या नहीं।
पार्टी की ओर से जारी लिस्ट में प्रशांत किशोर का नाम नहीं है, जिससे राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है। खुद PK पहले कई बार यह कह चुके हैं कि वे “किसी भी राज्य से राज्यसभा जा सकते हैं” और बिहार में कहीं से भी चुनाव लड़ने की क्षमता रखते हैं।
पिछले कुछ महीनों में उन्होंने राघोपुर, अपनी जन्मभूमि बक्सर या कर्मभूमि हाजीपुर से चुनाव लड़ने के संकेत दिए थे। इन बयानों के बाद यह माना जा रहा था कि प्रशांत किशोर इस बार सक्रिय राजनीति में उतरेंगे। लेकिन अब पार्टी के भीतर से संकेत मिल रहे हैं कि वे फिलहाल चुनावी मैदान में नहीं उतर सकते।
हालांकि इस पर अभी भी पूरा सस्पेंस कायम है। जन सुराज पार्टी के अध्यक्ष उदय सिंह ने सूची जारी करते हुए कहा कि “प्रशांत किशोर चुनाव लड़ेंगे या नहीं, यह अगले एक-दो दिन में साफ हो जाएगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर उनका नाम अगली सूची में शामिल होगा, तो वे चुनाव लड़ेंगे, अन्यथा नहीं।
उदय सिंह के इस बयान के बाद एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। समर्थक जहां PK के मैदान में उतरने की उम्मीद जता रहे हैं, वहीं विपक्ष इसे केवल “रणनीतिक सस्पेंस” बता रहा है। अब सबकी नजर जन सुराज की अगली सूची पर टिकी है, जो प्रशांत किशोर के राजनीतिक भविष्य की दिशा तय करेगी।

