Jamshedpur News:- टाटानगर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार देर रात अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब नाबालिग लड़कियों को धर्मांतरण के उद्देश्य से ले जाने की आशंका सामने आई। जानकारी मिलते ही हिंदूवादी संगठनों ने स्टेशन पर जमकर हंगामा किया और तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया, जबकि दो युवक मौके से भागने में सफल रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साउथ बिहार एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक हिंदूवादी नेता को संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत स्थानीय नेताओं को सूचना दी। सूचना मिलते ही संगठनों के कार्यकर्ता स्टेशन पहुंचे और लड़कियों को रोका गया। बताया जा रहा है कि इन लड़कियों को करनडीह इलाके में ले जाकर उनका धर्म परिवर्तन कराने की योजना बनाई गई थी।
इस दौरान तीन फादर भी थाने पहुंचे और पकड़े गए युवकों व लड़कियों को छुड़ाने का प्रयास करने लगे। लेकिन हिंदूवादी संगठनों के कड़े विरोध और मौके पर मौजूद भीड़ के आक्रोश को देखते हुए उन्हें लौटना पड़ा।
घटना की खबर फैलते ही टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। माहौल तनावपूर्ण होता देख जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने स्थिति को संभाला और भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस ने पकड़े गए तीनों युवकों और नाबालिग लड़कियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार, जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि लड़कियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। साथ ही, धर्मांतरण से जुड़े आरोपों की भी गहन पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस किसी भी संभावना से इंकार नहीं कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर राज्य में धर्मांतरण के मुद्दे को गरमा दिया है। स्टेशन पर हुई हलचल के बाद सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।

