Latehar News:- झारखंड के लातेहार जिले में बुधवार देर शाम एक बड़ा हादसा टल गया। यहां टेमकी गांव में आयोजित जतरा मेले में चाऊमिन खाने के बाद करीब 35 बच्चे अचानक बीमार पड़ गए। बच्चों में उल्टी और बेचैनी के लक्षण दिखने लगे, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत जिला परिषद सदस्य विनोद उरांव और पूर्व मुखिया राजेश उरांव को सूचना दी। दोनों जनप्रतिनिधियों ने बिना देर किए स्वास्थ्य विभाग से संपर्क साधा और रात में ही एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। सभी बच्चों को तुरंत लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
सदर अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जय प्रकाश जायसवाल और उनकी टीम ने बच्चों का इलाज शुरू किया। डॉक्टर ने बताया कि कुछ बच्चे गंभीर स्थिति में पहुंचे थे, जबकि अन्य बच्चों की हालत सामान्य थी। प्राथमिक इलाज और दवाओं के बाद सभी बच्चों की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ। डॉक्टर जयसवाल ने बताया कि अब सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं और फिलहाल किसी तरह की चिंता की बात नहीं है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जतरा मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। मेले में लगे फूड स्टॉल्स पर भीड़ उमड़ी थी, जिसमें बच्चे सबसे ज्यादा चाऊमिन खा रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि चाऊमिन खराब या अस्वच्छ तरीके से तैयार की गई थी, जिसके चलते बच्चों की तबीयत बिगड़ी।
इस घटना ने मेले में खानपान की स्वच्छता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे आयोजनों में खाद्य सामग्री की जांच हो और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए। समय रहते बच्चों को अस्पताल पहुंचाने से बड़ा हादसा टल गया।

