Jamshedpur News:- जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपला गांव बाघनंद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार को खेत में काम कर रहे 37 वर्षीय मजदूर परशुराम टुडू की हत्या उसकी पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर कर दी। पुलिस ने रविवार को खेत से परशुराम का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, परशुराम अपनी पत्नी सुमन टुडू के साथ खेत में काम करने गया था। शाम को जब सुमन घर लौटी, तो अकेली थी। परिजनों ने परशुराम के बारे में पूछा तो उसने गोलमोल जवाब देकर उन्हें गुमराह किया। संदेह होने पर परिवार और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। तभी खेत से परशुराम का शव खून से लथपथ हालत में मिला।
हत्या के लिए कटारी और डंडे का इस्तेमाल किया गया था। प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ कि सुमन का गांव से बाहर रहने वाले लछू हांसदा नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने मिलकर परशुराम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और खेत में ही उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत सुमन टुडू को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसका प्रेमी लछू हांसदा, जो जादूगोड़ा के हेदलजुड़ी गांव का रहने वाला है, फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
परिवार वालों ने स्पष्ट आरोप लगाया है कि सुमन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से परशुराम की हत्या की है। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए गहन जांच कर रही है।
परशुराम टुडू मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद अब दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग हैरान हैं कि पत्नी ने ही प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर दी।
