गृहकलह बना मौत का कारण, पुलिस जांच में जुटी
Latehar News: जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव की रहने वाली मुन्नी देवी (30) और उसके तीन वर्षीय पुत्र की हत्या धारदार हथियार से कर दी गई। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि इस हत्याकांड को मृतका के पति मोहनलाल उरांव ने ही अंजाम दिया और घटना के बाद वह फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह ग्रामीणों को संदेह हुआ जब मोहनलाल के घर का दरवाजा देर तक बंद रहा और भीतर से कोई आवाज नहीं आई। जब लोगों ने दरवाजा खोलकर देखा तो अंदर का दृश्य भयावह था। मुन्नी देवी और उसका मासूम बेटा खून से लथपथ जमीन पर मृत पड़े थे। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही छिपादोहर थाना पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से मिले सबूतों और ग्रामीणों के बयान के आधार पर प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ कि परिवार के भीतर लंबे समय से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा और मारपीट होती रहती थी। लोगों का मानना है कि इसी घरेलू कलह ने इस दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया।
डीएसपी भरत राम ने बताया कि पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। फरार आरोपित मोहनलाल उरांव की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हत्याकांड का पूरा सच सामने आ जाएगा और दोषी को कानून के हवाले किया जाएगा।
इस दर्दनाक वारदात से गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। लोग अब भी विश्वास नहीं कर पा रहे हैं कि एक पिता अपने ही तीन साल के बेटे और पत्नी की जान ले सकता है। पुलिस मामले को सुलझाने में जुटी हुई है और ग्रामीण न्याय की मांग कर रहे हैं।

