Dhanbad News:- धनबाद में रविवार तड़के बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जोगता थाना क्षेत्र में एक परिवार का पूरा मकान अचानक भू-धसान (Land Subsidence) की चपेट में आकर जमीन में धंस गया। हादसे के समय घर में पूरा परिवार सो रहा था, लेकिन गनीमत रही कि सभी ने किसी तरह जान बचा ली।
अहले सुबह गूंजा धमाका
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 3 से 4 बजे की है। उसी समय अचानक जोरदार कड़कड़ाहट और धमाके जैसी आवाज आई और जमीन फटने लगी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, घर तेजी से धंसने लगा। परिवार के लोग जान बचाने के लिए छत में लगे एडवेस्टर और छप्पर को तोड़कर बाहर निकले। देखते ही देखते पूरा मकान जमीन में समा गया।
इलाके में दहशत का माहौल
भू-धसान की इस घटना से आसपास के अन्य घरों की दीवारों और फर्शों में भी दरारें आ गई हैं। इससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए हैं और डर के साए में रात गुजार रहे हैं।
पीड़ित परिवार की आपबीती
घर धंसने से प्रभावित कल्याणी देवी ने बताया –
“अहले सुबह अचानक तेज आवाज हुई। देखते ही देखते हमारा घर जमीन में समाने लगा। हम लोग किसी तरह छप्पर तोड़कर बाहर निकले। भगवान की कृपा रही कि हम सभी की जान बच गई।”
उन्होंने रोते हुए कहा कि घर के साथ-साथ अनाज, कपड़े और जरूरी सामान सबकुछ जमीन में समा गया। परिवार ने कुछ दिन पहले ही ब्याज पर रुपये लेकर यह मकान बनाया था, जो अब पूरी तरह बर्बाद हो चुका है।
स्थानीय लोगों ने बीसीसीएल पर ठोका आरोप
इलाके के ग्रामीणों इंद्रदेव भुइयां और राजो देवी ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर बीसीसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने मांग की कि पीड़ित परिवार को तुरंत मुआवजा दिया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि कोयला खनन क्षेत्रों में लंबे समय से भू-धसान का खतरा बना हुआ है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।
बीसीसीएल अधिकारियों का बयान
घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल के स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि उन्होंने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान देने से इनकार किया और कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
लगातार मंडरा रहा है खतरा
फिलहाल पूरे इलाके में भू-धसान का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोग असुरक्षा की वजह से घरों में रहने से डर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते प्रशासन और बीसीसीएल ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो आने वाले दिनों में कोई बड़ी त्रासदी हो सकती है।

