Palamu News:- पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी (तृतीय प्रस्तुति सम्मेलन कमेटी) का सक्रिय सदस्य शंभु सिंह को छतरपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। वह लेवी वसूली के लिए क्षेत्र में आया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, शंभु सिंह विधानसभा चुनाव 2024 के दौरान हुई पुलिस और नक्सलियों की मुठभेड़ में भी शामिल था। वह जोनल कमांडर शशिकांत गंझू के दस्ते का हिस्सा था, जिसने 24 अक्टूबर 2024 को तुरीदाग के जंगलों में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बनाई थी। उस वक्त पुलिस की कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ हुई थी, लेकिन सभी नक्सली जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।
इस बीच गुप्त सूचना मिली कि शंभु सिंह पलवा टोला मोरचवा क्षेत्र में लेवी वसूली के लिए आया है। डीएसपी अवध कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के वक्त दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
शंभु सिंह पर पहले से मनातू, नौडीहा बाजार, विश्रामपुर, रेहला और छतरपुर थानों में नक्सली गतिविधियों व आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। मनातू थाना में 17 मई 2025 को 17 CLA/आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज है, जबकि 20 मई 2024 को नौडीहा बाजार थाना में भी नक्सली गतिविधि का केस दर्ज है।
इस पूरे अभियान में थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद, सब इंस्पेक्टर सुशील उरांव, अनिल रजक, तकनीकी शाखा के रामनारायण विश्वकर्मा सहित छतरपुर थाना के सशस्त्र बल के जवानों ने भाग लिया। पुलिस अब उससे और जानकारियाँ निकालने में जुटी है।

